ज्वालापुर सीएचसी की पानी की टंकी के पास गंदगी का अंबार, सफाई की मांग

कलयुग दर्शन (24×7)
आशु (संवाददाता)
हरिद्वार। ज्वालापुर के चौक बाजार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की पानी की टंकी के आसपास झाड़ियां उगने और कूड़े के ढेर लगे होने से स्थानीय व्यापारियों व लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समाजसेवी पराग चाकलान ने दीपावली से पूर्व टंकी के आसपास विशेष सफाई कराने की मांग की है। पराग चाकलान ने कहा कि पानी की टंकी के आसपास बड़ी मात्रा में गंदगी जमा है और झाड़ियां उग आई हैं। कुछ दिन पहले अस्पताल परिसर में टंकी के पास की दीवार भी गिर गई थी। अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में गंदगी और झाड़ियों के कारण मरीजों व स्थानीय लोगों को परेशानी हो सकती है। उन्होंने कहा कि रिहायशी क्षेत्र में झाड़-झंखाड़ उगने से सांप-बिच्छू निकलने का खतरा भी बना रहता है।

इसके बावजूद संबंधित अधिकारी इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। चौक बाजार शहर के व्यस्ततम बाजारों में शामिल है, जहां दिनभर लोगों की भीड़ और वाहनों की आवाजाही रहती है। पराग चाकलान ने नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन से जनहित में मामले का संज्ञान लेकर पानी की टंकी के आसपास उगी झाड़ियों को हटाने और कूड़े का निस्तारण कराने की मांग की है।



