जिला पंचायत बोर्ड बैठक में विकास के कई प्रस्ताव पारित

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। जिला पंचायत की गुरुवार को आयोजित बोर्ड बैठक में पिछली कार्यवाही की पुष्टि के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। जिला पंचायत कार्यालय सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र सिंह उर्फ चौधरी किरण सिंह की अध्यक्षता में बैठक संपन्न हुई। बैठक में पीठ बाजार की तहबाजारी उपविधि में संशोधन, जिला पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान जिला पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और विकास संबंधी प्रस्तावों को सदन के समक्ष रखा। बैठक में बड़े स्तर पर तालाबों की सफाई, ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का स्तर सुधारने, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, कुंभ-2027 के तहत जिला पंचायत क्षेत्र में विकास कार्य कराने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में एंबुलेंस सेवा शुरू करने सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा कर प्रस्ताव पारित किए गए।

जिला पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र सिंह उर्फ चौधरी किरण सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना जिला पंचायत की प्राथमिकता है। क्षेत्र की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पशुपालन विभाग के सहयोग से पशुओं के टीकाकरण और जन्मदर से जुड़े कार्यों में भी तेजी लाई जा रही है। इसके साथ ही जिला पंचायत की आय के स्रोत बढ़ाने के लिए भी गंभीरता से प्रयास किए जा रहे हैं। बैठक में जिला पंचायत के सभी सदस्य और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



