मेरठ वाली धर्मशाला की रजिस्ट्री निरस्त करने की मांग, समिति ने सौंपा ज्ञापन

कलयुग दर्शन (24×7)
दीपक झा (संवाददाता)
हरिद्वार। राष्ट्रीय धर्मशाला सुरक्षा समिति ने मेरठ वाली धर्मशाला (चंदों देवी ट्रस्ट) की 3 अगस्त को कराई गई रजिस्ट्री को अवैध बताते हुए उसे निरस्त करने की मांग की है। इस संबंध में समिति के पदाधिकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा और कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान समिति के अध्यक्ष महेश गौड़ ने आरोप लगाया कि ताज होटल-प्रसाद हेरिटेज की ओर से मेरठ वाली धर्मशाला को मेरठ भवन दर्शाकर अवैध रूप से रजिस्ट्री कराई गई है। उन्होंने कहा कि पिछले चार पीढ़ियों से धर्मशाला का प्रबंधन देख रही विधवा प्रबंधक शोभा शर्मा का उत्पीड़न किया जा रहा है। आरोप है कि पिछले डेढ़ माह से कुछ असामाजिक तत्वों को भेजकर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है और धर्मशाला खाली करने की धमकी दी जा रही है। समिति ने इसे बर्दाश्त नहीं करने की चेतावनी दी। समिति के महामंत्री विकास तिवारी ने बताया कि वर्ष 1995 में धर्मशाला की खरीद-फरोख्त को लेकर हुए विवाद के दौरान तत्कालीन प्रबंधक और शोभा शर्मा के पति राम प्रकाश शर्मा (पत्रकार) का अपहरण कर लिया गया था। चार दिन बाद उनका शव धनौरी-कलियर के पास नहर में मिला था। इसके बाद से शोभा शर्मा धर्मशाला के प्रबंधन का कार्य देख रही हैं।

तिवारी ने आरोप लगाया कि धर्मशाला में अवैध रूप से गार्ड तैनात कर दिए गए हैं और वहां ठहरे तीर्थ यात्रियों को भी डराया-धमकाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि धर्मशाला से संबंधित मामला जिला न्यायालय और उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद शोभा शर्मा और उनके परिवार को प्रताड़ित किया जा रहा है। समिति के कोषाध्यक्ष शिवकुमार शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर संपत्ति को भवन दर्शाकर कराई गई रजिस्ट्री की जांच कर उसे निरस्त करने की कार्रवाई नहीं की गई तो सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने शोभा शर्मा और उनके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की। ज्ञापन देने वालों में संजय त्यागी, विजय भंडारी, योगी गणेश नाथ, रमेश कुमार मिड्ढा, स्वामी गणेश दास सहित धर्मशाला प्रबंधक शोभा शर्मा मौजूद रहीं।



