राज्य स्थापना दिवस की तैयारियां तेज, ऋषिकुल ऑडिटोरियम में होगा मुख्य समारोह

कलयुग दर्शन (24×7)
आशु (संवाददाता)
हरिद्वार। उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ को हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाने के लिए जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्य समारोह ऋषिकुल ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा, जबकि जिले के सभी विकासखंडों में भी सांस्कृतिक एवं विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में सीडीओ ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित समय से पहले तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। मुख्य समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया जाएगा। सीडीओ ने शिक्षा विभाग को विकसित उत्तराखंड एवं विकसित भारत की थीम पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को समारोह स्थल पर जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगाने के निर्देश भी दिए, ताकि आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी मिल सके और पात्र लोगों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिया जा सके।

राज्य स्थापना दिवस पर जिले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। नगर निगम, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, सभी सरकारी कार्यालयों, भवनों और प्रमुख चौराहों को आकर्षक एलईडी लाइटों से सजाया जाएगा। मुख्य समारोह में मंच, बैठक व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी भी संबंधित विभागों को सौंपी गई है। सीडीओ ने स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं। बैठक में जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत, जिला प्रोबेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया, महाप्रबंधक उद्योग उत्तम कुमार तिवारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



