दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 81 नमूनों की जांच में 11 अधोमानक मिले

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर जनपद में सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने गुरुवार को नगर निगम क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान सचल खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से 81 नमूने लेकर मौके पर ही जांच की गई, जिनमें 11 नमूने अधोमानक पाए गए। अधोमानक खाद्य सामग्री को तत्काल संबंधित प्रतिष्ठानों से हटवा दिया गया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड विनय शंकर पांडेय तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी एवं उपायुक्त प्रयोगशाला बीरेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। टीम ने ऋषिकुल, गोविंदपुरी, रानीपुर मोड़ और प्रेमनगर आश्रम क्षेत्र के मिठाई प्रतिष्ठानों, बेकरियों, डेयरियों एवं अन्य खाद्य कारोबारियों के यहां जांच की। अभियान के दौरान मिठाई, पनीर, दूध, दही, केक, पेस्ट्री, सॉस, मसाले, तेल, बेसन, दालों और अन्य कन्फेक्शनरी उत्पादों सहित कुल 81 नमूने जांच के लिए लिए गए।

मौके पर की गई जांच में 11 नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। संबंधित खाद्य सामग्री को तत्काल प्रतिष्ठानों से हटवा दिया गया। इस दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम हरिद्वार कैलाश चंद्र टम्टा ने मिठाई एवं बेकरी प्रतिष्ठानों में उत्पादों पर निर्माण और अवसान तिथि अंकित होने की भी जांच की। अधिकांश प्रतिष्ठानों पर मिठाई और बेकरी उत्पादों पर नियमानुसार निर्माण एवं अवसान तिथि अंकित मिली। संयुक्त टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रुड़की नगर निगम योगेंद्र पांडेय, जूनियर फूड एनालिस्ट अनुराग मियां तथा लैब सहायक गौरव कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।



