उत्तराखंड

यातायात नियमों के उल्लंघन पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 187 चालान और 7 वाहन सीज

कलयुग दर्शन (24×7)

आशु (संवाददाता)

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। बीएचईएल, सिडकुल, बहादराबाद और रोड़ी बेलवाला सहित विभिन्न क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान 187 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 7 वाहनों को सीज किया गया। सम्भागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में विभागीय टीमों ने यह कार्रवाई की। अभियान के दौरान तेज गति से वाहन चलाने पर 68 चालान किए गए, जबकि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने और हेलमेट संबंधी नियमों का उल्लंघन करने पर 70 चालान किए गए। इसके अलावा बिना वैध परमिट वाहन संचालन, परमिट की शर्तों का उल्लंघन, ओवरलोडिंग, वाहनों में अनधिकृत बदलाव, प्रदूषण मानकों की अनदेखी तथा फिटनेस, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस और कर संबंधी अनियमितताओं पर भी कार्रवाई की गई।

चेकिंग अभियान के दौरान बसों, मालवाहक वाहनों, टैक्सी, ऑटो और दोपहिया वाहनों की जांच की गई। यात्री वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने और मालवाहक वाहनों में यात्रियों को ले जाने पर भी चालान किए गए। अभियान में वरुणा सैनी, हरीश कुमार सती, मुकेश भारती, भारत भूषण, अश्वनी कुमार और रविंद्र पाल सैनी ने भी प्रवर्तन कार्रवाई की। परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज वैध रखने की अपील की। विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Related Articles

Back to top button