खेत में जुताई कर रहे किसान पर गुलदार का हमला, ग्रामीणों में दहशत
कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (सह संपादक)
रुड़की। रांघड़वाला खेत में जुताई कर रहे एक किसान पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। सन्नी नामक किसान सुबह अपने दो साथियों के साथ खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहा था। तभी पीछे से घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उस पर झपट्टा मार दिया। अचानक हुए हमले से किसान के होश उड़ गए। गुलदार ने अपने पंजों से किसान की गर्दन पर वार किया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रैक्टर की तेज आवाज और शोर सुनकर गुलदार घबरा गया और खेतों की ओर भाग निकला।

घटना के बाद घायल किसान को तुरंत रुड़की के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहाँ उसका उपचार जारी है। पीड़ित किसान सन्नी का कहना है कि हमला इतना अचानक था कि संभलने का मौका ही नहीं मिला। गुलदार के पंजे सीधे उसकी गर्दन पर लगे जिससे वह लहूलुहान हो गया। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं लेकिन वन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।



