उत्तराखंड

अधिकारी को गोली मारने वाला संविदा चालक गिरफ्तार, तमंचा और खोखा बरामद

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र के विष्णु गार्डन में संविदा पर तैनात एक चालक ने अपने ही अधिकारी पर तमंचे से गोली चला दी। गोली अधिकारी को छूकर निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गए। घायल अधिकारी को उपचार के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मौके पर पहुंची कनखल पुलिस ने आरोपित चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल 315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर को सूचना मिली कि विष्णु गार्डन क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपने साथी को गोली मार दी है। घायल को उपचार के लिए बंगाली अस्पताल ले जाया गया था। सूचना मिलते ही कनखल पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि संविदा चालक विनोद नेगी पुत्र भारत सिंह निवासी ग्राम जयहरी, तहसील यमकेश्वर, पौड़ी गढ़वाल, हाल निवासी सर्वप्रिय विहार, कनखल ने अपने अधिकारी चंद्रप्रकाश नौटियाल निवासी विष्णु गार्डन पर गोली चलाई थी।

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपित ने साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। पुलिस के पहुंचने से पहले वह कार्यालय के फर्श पर पोछा लगाकर सफाई कर रहा था। इसके बाद कपड़े बदलकर फरार होने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह वर्ष 2006 से संबंधित कार्यालय में चालक के पद पर कार्यरत था। पिछले चार-पांच महीनों से उसका अधिकारी के साथ विवाद चल रहा था। अधिकारी की टोका-टाकी और कथित रूप से परेशान किए जाने से नाराज होकर उसने रंजिश में गोली चलाई। पुलिस ने अधिकारी चंद्रप्रकाश नौटियाल की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

Related Articles

Back to top button