उत्तराखंड

गंगा की मत्स्य संपदा के संरक्षण को सीएम धामी ने अमरापुर घाट पर 10 हजार मत्स्य बीज का किया संचय

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

हरिद्वार। विश्व मात्स्यिकी दिवस के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हरिद्वार के अमरापुर घाट पर 10 हजार मत्स्य बीज का संचय किया। मत्स्य विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य गंगा नदी की प्राकृतिक मत्स्य संपदा को बढ़ावा देने के साथ जलीय जैव विविधता का संरक्षण करना और पर्यावरण संतुलन के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मां गंगा केवल हमारी आस्था और संस्कृति का आधार ही नहीं, बल्कि समृद्ध प्राकृतिक विरासत और जैव विविधता का भी महत्वपूर्ण स्रोत हैं। गंगा की निर्मलता, अविरलता और प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गंगा सहित प्रदेश की नदियों में प्राकृतिक जलीय जीवों और मत्स्य संपदा का संरक्षण पर्यावरण संतुलन के लिए बेहद जरूरी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियों में मत्स्य बीज संचयन जैसी पहल प्राकृतिक मत्स्य संसाधनों के संवर्धन और संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इससे मछलियों की संख्या बढ़ाने, जलीय पारिस्थितिकी को मजबूत करने और मत्स्य उत्पादन की संभावनाओं को प्रोत्साहित करने में मदद मिलती है।

प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने आमजन से मां गंगा की स्वच्छता और निर्मलता बनाए रखने के साथ जलीय जीवों एवं प्राकृतिक मत्स्य संपदा के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियों में प्रदूषण रोकना, जलीय जीवों के प्राकृतिक आवास सुरक्षित रखना और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाना आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। कार्यक्रम के माध्यम से गंगा की प्राकृतिक मत्स्य संपदा के संरक्षण, जलीय जैव विविधता के संवर्धन और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया गया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी सहित मत्स्य विभाग के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button