गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर रुड़की में निकला भव्य नगर कीर्तन

कलयुग दर्शन (24×7)
आशु (संवाददाता)
रुड़की। श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रुड़की में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में सिख समाज के लोगों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नगर के विभिन्न मार्गों पर पुष्पवर्षा कर नगर कीर्तन का स्वागत किया गया। पूरे नगर में गुरु भक्ति, सेवा और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला। नगर कीर्तन की अगुवाई कर रहे पंच प्यारों को पुष्टाहार और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। सभा के प्रधान सरदार सुरेंद्र सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने समाज को प्रेम, समानता, भाईचारे और मानवता की सेवा का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं। सरदार तरनदीप सिंह ने कहा कि गुरु जी का सिद्धांत ‘नाम जपो, कीरत करो और वंड छको’ ईश्वर का स्मरण करने, ईमानदारी से मेहनत करने और जरूरतमंदों की सहायता करने की प्रेरणा देता है। समूह साध-संगत के आयोजन में विभिन्न गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों और श्री सुखमनी साहित्य सेवा सोसाइटी का विशेष सहयोग रहा। नगर कीर्तन गुरुद्वारा कलगीधर, रामनगर से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ देर शाम गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, सिविल लाइंस पहुंचकर संपन्न हुआ।

नगर कीर्तन की विशेष बात यह रही कि गुरु ग्रंथ साहिब जी की पालकी के आगे पंच प्यारे चल रहे थे। उनके आगे सेवादार पुष्पवर्षा करते हुए मार्ग को सुशोभित कर रहे थे, जबकि महिला सेवादार झाड़ू लगाकर रास्ते की सफाई करती नजर आईं। सेवादारों की निस्वार्थ सेवा और श्रद्धालुओं की आस्था ने आयोजन को विशेष बना दिया। इस अवसर पर सिविल लाइंस स्थित सत्संग सभा, जादूगर रोड गुरुद्वारा कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान हरमीत सिंह दुआ सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। नगर कीर्तन में अमरजीत सिंह, जसमीत सिंह, गुरजोत सिंह, जतिंदर पाल सिंह, जगजीत सिंह, नवीन सिंह, नवनीत सिंह, सतबीर सिंह, जसप्रीत सिंह, सिमरजीत सिंह, मंजीत सिंह, रमिंदरजीत सिंह, कमलजीत सिंह, फतेह सिंह, कुलवंत सिंह और जोगिंदर सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे। नगर कीर्तन के माध्यम से श्रद्धालुओं ने गुरु नानक देव जी के प्रेम, समानता, भाईचारे और मानव सेवा के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया।



