उत्तराखंड

कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर हरिद्वार में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम, 8 जोन और 30 सेक्टरों में तैनात होंगे मजिस्ट्रेट

कलयुग दर्शन (24×7)

सागर कुमार (सह संपादक)

हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 24 नवंबर को होने वाले स्नान पर्व पर देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी के लिए जनपद को 8 जोन और 30 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। सभी जोन और सेक्टरों में मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। जारी आदेश के अनुसार, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट 23 नवंबर को सुबह 10 बजे से 24 नवंबर को स्नान पर्व की समाप्ति तक अपने निर्धारित क्षेत्रों में तैनात रहेंगे। हरकी पैड़ी, नाई सोता घाट, सुभाष घाट, बाईपास, खड़खड़ी, अपर रोड, सिंहद्वार और मनसा देवी मंदिर को जोन बनाया गया है। इनकी जिम्मेदारी क्रमशः हरि गिरि, मंजीत सिंह, आकाश जोशी, योगेश कुमार, गोपाल राम बिनवाल, अतुल प्रताप सिंह, खुशवंत सिंह चौहान और योगेश मेहरा को सौंपी गई है। वहीं, 30 सेक्टरों में हरकी पैड़ी, मालवीय दीप, कांगड़ा पुल, नया संजय पुल, महिला घाट, भारत स्काउट एंड गाइड, सुभाष घाट, गौ घाट, मोती बाजार, बड़ा बाजार, कुशाघाट चौक, विष्णुघाट, पावन धाम, रोड़ी बेलवाला, धोबी घाट पार्किंग, पंतद्वीप, चंडी चौराहा, चंडी घाट पार्किंग, चंडी देवी मंदिर, भीमगोड़ा, खड़खड़ी, रतन टॉकीज, पोस्ट ऑफिस, शिवमूर्ति, देवपुरा, ऋषिकुल, सिंहद्वार, बैरागी कैंप, रेलवे स्टेशन, मनसा देवी मंदिर सहित अन्य प्रमुख मार्गों को शामिल किया गया है। जिलाधिकारी ने सभी मजिस्ट्रेटों को पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की भीड़ नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए हैं। सभी अधिकारियों को 24 घंटे मोबाइल फोन चालू रखने और जिला प्रशासन के संपर्क में रहने को कहा गया है।

आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए रोशनाबाद स्थित जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कार्यालय में 23 नवंबर से 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालित होगा। कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 7351428593 जारी किया गया है। स्नान पर्व के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं दुरुस्त रखने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी को प्रमुख स्नान घाटों पर पर्याप्त चिकित्सकों और मेडिकल स्टाफ के साथ प्राथमिक चिकित्सा एवं आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति, जल संस्थान एवं जल निगम को पर्याप्त पेयजल और सिंचाई विभाग को घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं मरम्मत संबंधी कार्य पूरे करने को कहा गया है। इसके अलावा अग्निशमन विभाग को आपात स्थिति से निपटने की तैयारी रखने और नगर निगम को घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में सफाई तथा कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख मार्गों पर यातायात संचालन, पार्किंग प्रबंधन और मनसा देवी मंदिर में ट्रॉली एवं पैदल मार्ग की व्यवस्थाओं पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सभी तैनात अधिकारी अपने निर्धारित कार्यक्षेत्र में मौजूद रहेंगे और बिना अनुमति क्षेत्र नहीं छोड़ेंगे। ड्यूटी में लापरवाही या अनुपस्थिति पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए स्नान पर्व को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Back to top button