सेवा, सुशासन और विकास के गौरवशाली तीन वर्ष, लोहाघाट में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन, जनता ने उठाया लाभ
सेवा सुशासन और विकास के गौरवशाली तीन साल बेमिसाल

कलयुग दर्शन (24×7)
महेन्द्र सिंह बिष्ट (संवाददाता)
उत्तराखंड सरकार के सफलतम तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर लोहाघाट के रामलीला मैदान में बुधवार को “जन सेवा थीम” पर भव्य बहुउद्देशीय एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष पिथौरागढ़ सुरेश जोशी ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सेवा, सुशासन और विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में चौमुखी विकास हुआ है, जो इन तीन वर्षों को ऐतिहासिक बनाता है। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि सरकार निरंतर राज्य को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्यरत है।
कार्यक्रम के दौरान 15 से अधिक विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों के माध्यम से जनता को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को इनका सीधा लाभ प्रदान किया गया। समान नागरिक संहिता (UCC) स्टाल के माध्यम से विवाह पंजीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य संपन्न हुए।
चिकित्सा विभाग द्वारा मरीजों की जांच कर निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। समाज कल्याण विभाग ने दिव्यांगजनों को दिव्यांग प्रमाण पत्र, कान की मशीनें, व्हीलचेयर एवं छड़ियां वितरित कीं। खंड विकास विभाग लोहाघाट ने अटल आवास योजना के तहत लाभार्थियों को 60-60 हजार रुपये के चेक प्रदान किए। महिला एवं बाल विकास विभाग ने अनुसूचित जाति की कन्याओं के विवाह हेतु 50-50 हजार रुपये के चेक वितरित किए।
पशुपालन विभाग ने लाभार्थियों को 63,000 रुपये के चेक एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए, जबकि कृषि विभाग ने किसानों को कृषि यंत्र वितरित किए। रेशम विभाग ने लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और भेषज विकास एवं श्रम विभाग लोगों को योजनाओं से संबंधित पुस्तिकाएं एवं पंपलेट वितरित किए।
इस आयोजन के माध्यम से जनता को सरकार की योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया, जिससे अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें। जनपद में सुशासन, सेवा और विकास की दिशा में यह शिविर एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
इस अवसर पर जिला पंचायत प्रशासक श्रीमती ज्योति राय, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सरकार की तीन वर्षों की उपलब्धियों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, ब्लॉक प्रमुख चम्पावत- रेखा देवी, लोहाघाट- नेहा ढेक, बराकोट- विनीता फर्त्याल, पाटी- सुमन लता, प्र जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, मंच संचालक मोहित पाठक तथा अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
[banner id="7349"]