उत्तराखंड

नव विवाहिता का बंद कमरे में मिला शव, पति फरार, पुलिस जांच में जुटी

कलयुग दर्शन (24×7)

दीपक झा (संवाददाता)

हरिद्वार। एक नव विवाहिता की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका का पति फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने बंद मकान से महिला का शव बरामद किया। मकान दो दिन से बंद था। फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। हत्या की जानकारी मिलने पर एसपी देहात शेखर चंद सुयाल और सीओ विवेक कुमार मौके पर पहुंचे। घटना जनपद के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पठानपुरा की है। जानकारी के मुताबिक, जनवरी 2025 में मुजफ्फरनगर निवासी समीर उर्फ राजा ने यूपी के रामपुर निवासी जेबा खानम उर्फ मोना से शादी की थी। मृतका की बहन ने बताया कि दोनों की लव मैरिज थी। शादी के बाद से दोनों मंगलौर के मोहल्ला पठानपुरा स्थिति नबी कालोनी में रह रहे थे। मृतका की बहन तरन्नुम ने बताया कि दो दिन पहले जेबा खानम ने फोन कर बताया कि उसके साथ मारपीट की जा रही है और उसकी हत्या की जा सकती है। तरन्नुम ने बताया कि वह तभी से बहन जेबा और बहनोई समीर से फोन पर संपर्क कर रही थी, लेकिन कोई भी फोन नहीं उठा रहा था।

सोमवार की शाम को वह मंगलौर पहुंची तो उसे मकान का दरवाजा बंद मिला और आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई आवाज नहीं आई। जिस पर उसे शक हुआ तो उसने मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान लोगों की भीड़ भी मौके पर एकत्रित हो गई। मकान का ताला लगा होने के कारण पुलिसकर्मी पास के ही निर्माणाधीन मकान से समीर के मकान में दाखिल हुए। जहां जेबा का शव पड़ा हुआ था। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि महिला के गले पर निशान मिले हैं। चेहरा बुरी हालत में था। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतका का पति फरार है, उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

[metaslider id="7337"]


[banner id="7349"]

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button