उत्तराखंड

रंजिश के चलते युवती को लगा दिए पारे के इंजेक्शन, डॉक्टर पर गंभीर आरोप, मुकदमा दर्ज

कलयुग दर्शन (24×7)

रजत कुमार (लक्सर प्रभारी)

हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र में एक डॉक्टर पर रंजिश के चलते युवती को खतरनाक इंजेक्शन लगाने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि इंजेक्शन लगाने के बाद युवती की तबीयत बिगड़ गई और बाद में एक बड़े अस्पताल में जांच के दौरान दोनों कूल्हों में पारा (मर्करी) के इंजेक्शन लगाए जाने की बात सामने आई। मामले में पीड़ित पक्ष ने आरोपी डॉक्टर के विरुद्ध पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। जानकारी के मुताबिक ग्राम खंरजा कुतुबपुर निवासी राजेन्द्र सिंह ने लक्सर कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि 9 दिसंबर 2025 को उनके भाई बिजेन्द्र सिंह के पुत्र का मंढा था। इस दौरान शादी के बिचौलिए और रिश्तेदार डॉक्टर पवन कुमार भी कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसी दौरान लेनदेन को लेकर डॉक्टर पवन कुमार और परिवार के लोगों के बीच कहासुनी व धक्का-मुक्की हो गई थी, जिसे रिश्तेदारों ने शांत करा दिया। आरोप है कि 13 दिसंबर को डॉक्टर पवन कुमार अपनी पत्नी व माता के साथ उनके घर आए और अपमान का बदला लेने की धमकी देते हुए गाली-गलौज की।

इसके बाद 15 दिसंबर को उनकी पुत्री शीतल देवी किसी काम से लक्सर गई थी। तबीयत खराब होने पर वह गोवर्धनपुर रोड स्थित डॉक्टर पवन कुमार के क्लीनिक पहुंची, जहां डॉक्टर ने उसे इंजेक्शन लगाकर दवा दे दी। परिजनों के अनुसार 10 जनवरी 2026 को फिर तबीयत बिगड़ने पर युवती को दोबारा उसी क्लीनिक ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने फिर इंजेक्शन लगा दिया। इसके कुछ समय बाद युवती के बाएं कूल्हे में सूजन और तेज दर्द शुरू हो गया। बताया गया कि 21 फरवरी को कूल्हे से मवाद और खून निकलने लगा, जिसके बाद उसे पाल नर्सिंग होम ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने हालत गंभीर देखते हुए बड़े अस्पताल में दिखाने की सलाह दी। इसके बाद 23 फरवरी को युवती को नई दिल्ली स्थित सर गंगाराम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि युवती के दोनों कूल्हों में मर्करी (पारा) के इंजेक्शन लगाए गए हैं। पीड़ित पिता का आरोप है कि डॉक्टर ने पुरानी रंजिश के चलते उनकी बेटी को जान से मारने की नीयत से यह इंजेक्शन लगाए। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लक्सर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button