कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चौर गैंग के दो शातिरों को गिरफ्तार किया, 10 दोपहिया वाहन बरामद

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चौर गैंग के दो शातिरों को गिरफ्तार किया है। आरोपी हरिद्वार और देहरादून में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। दोनों के खिलाफ देहरादून, डोईवाला और ज्वालापुर में कई मुकद्मे दर्ज हैं। आरोपियों के कब्जे से नहर पटरी पर खंडहर में छिपाकर रखे गए 10 दोपहिया वाहन बरामद हुए हैं। ज्वालापुर कोतवाली में पत्रकारवार्ता के दौरान जानकारी देते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 5 मार्च को इमलीखेड़ा निवासी शुभम कुमार ने ज्वालापुर कोतवाली में बाइक चोरी कर लिए जाने के संबंध में मुकद्मा दर्ज कराया था।

मुकद्मा दर्ज करने के बाद कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बाजार चौकी प्रभारी एसआई अंशुल अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया। जांच पड़ताल में जुटी पुलिस टीम ने सोमवार को नहर पटरी रेगुलेटर पुल के पास चेकिंग के दौरान दो संदिग्धों मोसिन पुत्र जान आलम एवं गुल्सान पुत्र बलीन निवासी ग्राम गाडोवाली पथरी को चोरी की मोटरसाइकिल समेत दबोच लिया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि बरामद मोटरसाइकिल उन्होंने महाराजा फर्नीचर ऊंचा पुल ज्वालापुर से चोरी की थी। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर पुरानी कांवड़ पटरी के पास स्थित खंडहर से चोरी की 8 मोटरसाइकिल व 2 स्कूटी बरामद की गयी।

आरोपियों ने बताया कि बरामद वाहन उन्होंने हरिद्वार व देहरादून से चोरी किए थे। एसएसपी ने बताया कि दोनों आरोपी कम पढे लिखे, लेकिन वाहन चोरी में माहिर हैं। आरोपी मोसिन राजमिस्त्री का काम करता है तथा गुल्सान ई रिक्शा मैकेनिक हैं। पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा, एसएसआई खेमेन्द्र गंगवार, बाजार चौकी प्रभारी एसआई अंशुल अग्रवाल, एसआई मनीष कंडारी, एसआई गंभीर तोमर, कांस्टेबल गणेश तोमर, रवि चौहान, कपिल गोला, आलोक नेगी, दिनेश कुमार, मनोज डोभाल, अंकुर चौधरी शामिल रहे।



