रुड़की में बच्चों के इलाज को मिली नई राह, सेरेनिटी चिल्ड्रन हॉस्पिटल का शुभारंभ

कलयुग दर्शन (24×7)
विनय कुमार (संवाददाता)
रुड़की। नगर के पुराना रेलवे रोड स्थित गणेशपुर में बच्चों के बेहतर इलाज के उद्देश्य से ‘सेरेनिटी चिल्ड्रन हॉस्पिटल’ का भव्य शुभारंभ किया गया।तीन मंजिला इस अत्याधुनिक अस्पताल की स्थापना बाल रोग विशेषज्ञ डॉ० मोहम्मद शाबान और डॉ०ऋषभ यादव द्वारा संयुक्त रूप से की गई है। अस्पताल के खुलने से रुड़की और आसपास के क्षेत्रों में बाल स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। अस्पताल का उद्घाटन ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेट ने फीता काटकर किया।इस दौरान उन्होंने अस्पताल का निरीक्षण किया और यहां उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के अस्पताल क्षेत्र के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें। सेरेनिटी चिल्ड्रन हॉस्पिटल में नवजात शिशुओं और बच्चों के उपचार के लिए उन्नत तकनीक से लैस सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। अस्पताल में एनआईसीयू (नवजात गहन चिकित्सा इकाई), वेंटिलेटर, फोटोथेरेपी, इन्क्यूबेटर, वार्मर और पीलिया के उपचार के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, इसके अलावा नवजात से अठ्ठारह वर्ष तक के बच्चों के सभी प्रकार के रोगों के इलाज की सुविधा यहां उपलब्ध रहेगी। अस्पताल में संपूर्ण टीकाकरण, चौबीस घंटों इमरजेंसी सेवा और भर्ती की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।

मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 24×7 एनआईसीयू एम्बुलेंस सेवा भी शुरू की गई है, जिससे गंभीर स्थिति में बच्चों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सके। यह सुविधा खासतौर पर ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के लिए काफी लाभकारी साबित होगी। अस्पताल के संचालक डॉ० मोहम्मद शाबान और डॉ० ऋषभ यादव ने बताया कि उनका मुख्य उद्देश्य रुड़की और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि अब अभिभावकों को अपने बच्चों के इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी। कार्यक्रम में विधायक मोहम्मद शहजाद, हाजी फुरकान अहमद, पूर्व मेयर गौरव गोयल, राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल, रुड़की सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ०एके मिश्रा, समाजसेवी व भाजपा नेता चैरब जैन, कांग्रेस महासचिव सचिन गुप्ता, युवा कांग्रेस नेता प्रणय प्रताप सिंह, अकरम प्रधान, राव अफजल खां, तौकीर चेयरमैन पड़ली गुज्जर, शफक्कत चेयरमैन, समाज सेवी आदिल फरीदी, व्यापारी नेता कमल चावला सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। अस्पताल के शुभारंभ से क्षेत्र में बाल चिकित्सा सेवाओं को मजबूती मिलने के साथ-साथ स्थानीय लोगों को उच्च स्तरीय उपचार सुविधाएं सुलभ होने की उम्मीद है।



