भव्य और दिव्य रूप से मनाया जाएगा श्री हनुमान जी प्रकटोत्सव समारोह: डॉ स्वामी संतोषानंद देव

कलयुग दर्शन (24×7)
दीपक झा (संवाददाता)
हरिद्वार। देवभूमि उत्तराखंड की पावन भूमि हरिद्वार पर स्थित श्री अवधूत मण्डल आश्रम, बाबा हीरादास जी हनुमान मंदिर, सिंहद्वार हरिद्वार में चैत्र पूर्णिमा के पावन अवसर पर दिनांक 2 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को भगवान श्री हनुमान जी प्रकटोत्सव का भव्य एवं दिव्य आयोजन किया जाएगा। आश्रम के पीठाधीश्वर परम पूज्य महामंडलेश्वर 1008 डॉ. स्वामी संतोषानंद देव जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में देशभर से साधु-संत एवं हजारों की संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे। आयोजन को लेकर आश्रम में व्यापक तैयारियां चल रही हैं। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः 8 बजे से 11 बजे तक हवन, पूजन, श्रंगार , छप्पन भोग लगाया जायेगा वहीं बैंड, बाजा, पालकी के साथ 551 कलशों के शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा का शुभारंभ आश्रम परिसर से शिवमुर्ति तिराहा, रामनगर, आर्यनगर, तहसील रोड, शंकर आश्रम चौक होते हुए वापस आश्रम में समाप्त होगी।

सांयकाल में सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। इसके साथ ही प्रातः 11 बजे से रात्रि 11 बजे तक विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें लगभग 2100 साधु-संतों एवं 31,000 श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त सायं 3 बजे से रात्रि 10 बजे तक भजन-कीर्तन, झांकियां एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। आयोजन में उत्तराखंड के माननीय मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट संतजन भी शामिल होंगे। महामंडलेश्वर डॉ स्वामी संतोषानंद देव महाराज ने समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने तथा पुण्य लाभ अर्जित करने का आह्वान किया है।



