उत्तर प्रदेश

बलिदान दिवस पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित, 84 यूनिट रक्तदान

कलयुग दर्शन (24×7)

अबलीश कुमार (सहारनपुर संवाददाता)

सहारनपुर। अमर बलिदानी सुखदेव, भगत सिंह और राजगुरु के बलिदान दिवस के अवसर पर फ़ैमिली ऑफ़ ब्लड डोनर्स ट्रस्ट द्वारा तहसील बेहट में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर देश के वीर सपूतों के बलिदान को श्रद्धांजलि देने और समाज में सेवा एवं जागरूकता का संदेश फैलाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। शिविर का संयोजन मनीष कुमार सैनी (संयुक्त सचिव, संगठन विंग) द्वारा किया गया।

इस अवसर पर 84 यूनिट रक्तदान किया गया, जबकि 25 से अधिक इच्छुक रक्तदाता स्वास्थ्य मानकों के अनुसार रक्तदान नहीं कर सके, जिन्हें भविष्य में रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया। इस आयोजन में भगत सिंह प्रेरणा कल्याणकारी संस्था, बेहट का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदीप शर्मा (महानगर महामंत्री, व्यापारी सुरक्षा फ़ोरम सहारनपुर) द्वारा किया गया, जिन्होंने उपस्थित रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और इस पुनीत कार्य की सराहना की।

पंकज कुमार पाँचाल (अध्यक्ष, संगठन विंग) ने कहा कि देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी दी जा सकती है जब हम समाज के लिए कुछ करें। रक्तदान के माध्यम से हम किसी जरूरतमंद को जीवनदान देकर उनके आदर्शों को जीवित रख सकते हैं। विनीत रामपाल (अध्यक्ष, मेडिकल सपोर्ट विंग) ने कहा कि रक्तदान एक सुरक्षित और आवश्यक प्रक्रिया है, जिससे असंख्य मरीजों की जान बचाई जा सकती है। ऐसे आयोजन समाज में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

रमन भारद्वाज ने कहा कि बलिदान दिवस पर आयोजित यह शिविर युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। जब युवा इस प्रकार के आयोजनों से जुड़ते हैं तो समाज में सकारात्मक बदलाव स्वतः देखने को मिलता है। डा. नरेन्द्र धीमान ने कहा कि रक्तदान का कोई विकल्प नहीं है। यह ऐसा महादान है, जो सीधे किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने का कार्य करता है। हर स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। शिविर का आयोजन पूर्णतः स्वैच्छिक एवं अनुशासित वातावरण में किया गया, जहाँ सभी चिकित्सीय मानकों का पालन सुनिश्चित किया गया।

Related Articles

Back to top button