अम्बेडकर जयंती पर व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के लिए वरिष्ठ पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा के नेतृत्व में पार्षदों ने नगर आयुक्त को ज्ञापन

कलयुग दर्शन (24×7)
हैदर अंसारी (सहारनपुर जिला प्रभारी)
सहारनपुर। संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की आगामी जयंती के पावन अवसर पर नगर की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा के नेतृत्व में पार्षदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से सभी पार्षदों द्वारा मांग की गई कि आगामी 12 अप्रैल 2026 को सहारनपुर के विभिन्न क्षेत्रों से निकलने वाली भव्य शोभा यात्रा के मद्देनजर सभी निर्धारित रूटों पर सड़कों की तत्काल मरम्मत, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, सुचारू प्रकाश व्यवस्था और सघन सफाई अभियान सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही 14 अप्रैल को अम्बेडकर स्टेडियम गांधी पार्क में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह से पूर्व सभी नगर निगम स्तरीय प्रबंधों को पूर्ण करने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने बाबा साहब को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने हमें न केवल जीने का अधिकार दिया, बल्कि सर्व समाज को समानता की नजर से देखना सिखाया। वहीं पार्षद नितिन जाटव और पार्षद राजीव अनु ने साझा संदेश दिया कि यदि प्रत्येक व्यक्ति बाबा साहब के दिखाए मार्ग का अनुसरण करे, तो समाज में आपसी भाईचारा और समानता सदैव बनी रहेगी। पार्षद अहमद मलिक और पार्षद नदीम अंसारी ने बाबा साहब को शोषितों एवं वंचितों का मसीहा बताते हुए कहा कि उन्होंने समाज के हर पिछड़े वर्ग को उनका हक दिलवाया और वे सर्व समाज के प्रेरणापुंज हैं। इस मौके पर नगर के कई अन्य पार्षद भी उपस्थित रहे और सभी ने प्रशासन से जनहित में इन व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की अपील की।



