हरिद्वार में सड़क सुरक्षा पर सख्ती: डीएम मयूर दीक्षित ने दिए कड़े निर्देश
तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर सुधार कार्य तेज करने के आदेश

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय में सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना न्यूनीकरण अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में सड़क दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरलोडिंग और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय राजमार्ग रुड़की, हरिद्वार और नजीबाबाद मार्गों पर गड्ढों की मरम्मत और पेचवर्क सितंबर तक हर हाल में पूरा करने को कहा गया।

चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले को देखते हुए भूपतवाला से बहादराबाद चौराहे तक सड़क सुधार कार्य प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए गए। साथ ही खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने और आवश्यक स्थानों पर नई स्ट्रीट लाइट लगाने को कहा गया। डीएम ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट) की पहचान कर उन्हें सुधारने और आवश्यक स्थानों पर साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। यातायात दबाव वाले क्षेत्रों में शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक विशेष चेकिंग अभियान चलाने के आदेश दिए गए। परिवहन विभाग के अनुसार जनवरी से मार्च 2026 तक बिना हेलमेट 3226 चालान, ओवरलोडिंग के 221, ओवरस्पीड के 3042 और शराब पीकर वाहन चलाने पर 196 मामलों में कार्रवाई की गई। कुल 21789 चालान किए गए और ₹70,05,000 की वसूली हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



