ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस की सख्त कार्रवाई, 11 लोग हिरासत में
शादी समारोह में डीजे को लेकर शुरू हुआ विवाद बना बड़ा मामला

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत पुलिस ने असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करते हुए पिरान कलियर के ग्राम महमूदपुर में 11 लोगों को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार 22 अप्रैल की रात शादी समारोह में डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में विवाद में बदल गई। स्थिति दोबारा बिगड़ने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 महिलाओं और 4 पुरुषों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत हिरासत में लिया।

दोनों पक्षों के बीच पहले से चुनावी रंजिश भी रही है और पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार की गुटबाजी, अशांति या अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



