रानीपुर में 3.41 करोड़ से चार सड़कों का होगा निर्माण और सुदृढ़ीकरण
सीएम धामी ने विधायक आदेश चौहान के प्रस्ताव पर दी प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधायक आदेश चौहान के प्रस्ताव पर चार सड़क निर्माण कार्यों के लिए कुल 3.41 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन कार्यों के तहत शिवालिकनगर नगरपालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सड़कों का चौड़ीकरण, डामरीकरण, पुनर्निर्माण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। स्वीकृति के तहत वार्ड संख्या-2 में 99.42 लाख रुपये की लागत से करीब 4.5 किलोमीटर सड़क का निर्माण होगा। वहीं शिवालिकनगर शिव मंदिर से चिन्मय डिग्री कॉलेज की ओर जाने वाले करीब एक किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण एवं डामरीकरण के लिए 45.26 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसी तरह वार्ड संख्या-3 में 97.48 लाख रुपये की लागत से करीब दो किलोमीटर सड़क का डामरीकरण एवं पुनर्निर्माण तथा वार्ड संख्या-4 में 99.11 लाख रुपये की लागत से करीब पांच किलोमीटर सड़क का डामरीकरण एवं पुनर्निर्माण किया जाएगा।

विधायक आदेश चौहान ने स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि इन कार्यों से क्षेत्र के हजारों परिवारों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सड़कें मजबूत होने से स्थानीय निवासियों के साथ विद्यार्थियों, व्यापारियों और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को भी लाभ मिलेगा। विधायक ने कहा कि रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है और क्षेत्र में विकास कार्यों का सिलसिला लगातार जारी है।



