शांतरशाह हैप्पी हत्याकांड के बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़
एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल, साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र के शांतरशाह में बाइक मैकेनिक हैप्पी की हत्या के मामले में शनिवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। बहादराबाद-दौलतपुर के बीच जंगल में हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले शांतरशाह क्षेत्र में बाइक मैकेनिक हैप्पी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्याकांड के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। शनिवार रात पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल बदमाश बहादराबाद-दौलतपुर के बीच जंगल में मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने जंगल की घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

घायल बदमाश की पहचान सहारनपुर निवासी मुदस्सिर के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। मुठभेड़ की सूचना पर एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर और एसपी सिटी दीपक सिंह समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसएसपी ने अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपी से पूछताछ की। पुलिस आरोपी से हैप्पी हत्याकांड में उसकी भूमिका और अन्य आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। फरार बदमाश की तलाश में कांबिंग मुठभेड़ के दौरान मुदस्सिर का साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में फरार हो गया। इसके बाद बहादराबाद इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने जंगल में कांबिंग अभियान चलाया। जंगल से बाहर निकलने वाले संभावित रास्तों पर भी निगरानी बढ़ाई गई। पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपी से पूछताछ के आधार पर हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों और फरार बदमाश तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।



