झबरेड़ी कलां में गोलीकांड, बहन समेत दो की मौत

कलयुग दर्शन (24×7)
आशु (संवाददाता)
हरिद्वार। झबरेड़ा कोतवाली क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में शनिवार सुबह कथित गोलीकांड से सनसनी फैल गई। एक युवक पर अपनी सगी बहन और एक अन्य युवक को गोली मारने का आरोप है। दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। वहीं गंभीर हालत में हायर सेंटर ले जाते समय युवती ने भी दम तोड़ दिया। एक ही घटना में दो मौतों से गांव में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब पौने नौ बजे अमन ने कथित तौर पर अपनी बहन रूपा और सूरज पुत्र अशोक को गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास अफरा-तफरी मच गई।

परिजन और ग्रामीण दोनों घायलों को तत्काल झबरेड़ा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान सूरज की मौत हो गई। रूपा की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही झबरेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेज दिया है। पुलिस आरोपी अमन के संबंध में जानकारी जुटा रही है। घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।



