उत्तराखंड

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन के दबाव का आरोप

इंस्टाग्राम से हुई थी दोस्ती, पथरी पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

कलयुग दर्शन (24×7)

अमित वालिया (संवाददाता)

हरिद्वार। मध्य प्रदेश की एक युवती ने पथरी थाना क्षेत्र के एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। युवती की तहरीर पर पथरी पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी तहरीर के अनुसार, युवती की करीब चार वर्ष पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से एक युवक से दोस्ती हुई थी। उस समय युवक की आईडी पर नाम अमन सिंह बताया गया था। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और बाद में शादी करने का फैसला किया। युवती का आरोप है कि वर्ष 2024 में युवक ने इंस्टाग्राम पर अपना नाम बदलकर शाहरुख कर लिया। पूछने पर उसने अपना नाम अमन बताते हुए कुछ समय के लिए नाम बदलने की बात कही। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी का नाम समीर बताया गया है। युवती के अनुसार, 13 सितंबर 2026 को वह शादी करने के लिए मध्य प्रदेश स्थित अपने घर से हरिद्वार के लिए रवाना हुई। अगले दिन सुबह करीब पांच बजे युवक उसे दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मिला और वहां से हरिद्वार ले आया। युवती का आरोप है कि हरिद्वार पहुंचने पर युवक ने बताया कि वह दूसरे धर्म का है और शादी के लिए उसे धर्म परिवर्तन करना होगा।

धर्म परिवर्तन से इनकार करने पर दुष्कर्म का आरोप

तहरीर में युवती ने आरोप लगाया कि धर्म परिवर्तन से इनकार करने पर युवक ने उसके साथ जबरन संबंध बनाए। उसका आरोप है कि इस दौरान युवक की मां और भाई कमरे के बाहर मौजूद थे। इसके बाद उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया गया। युवती ने आरोप लगाया कि इनकार करने पर उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया और करीब तीन दिन तक बाहर से ताला लगा रहा। इसी दौरान आरोपी का बड़ा भाई कमरे में आया और उसके साथ अभद्रता का प्रयास किया। युवती के मुताबिक, इसके बाद वह बेहोश हो गई। होश आने पर युवती ने खुद को अस्पताल में पाया। आरोप है कि बाद में युवक उसे अस्पताल से वाहन में बैठाकर किसी अज्ञात स्थान पर छोड़कर चला गया। युवती ने किसी तरह अपने भाई से संपर्क किया और घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसका भाई उसे लेकर पथरी थाने पहुंचा। पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button