रुड़की औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश
सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र ने उद्योग मित्र समिति की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा की

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिला कार्यालय सभागार में जिला उद्योग मित्र समिति एवं सिंगल विंडो जिला प्राधिकरण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने की। बैठक में रुड़की सहित जनपद के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट, फायर स्टेशन, ड्रेनेज एवं नालों के निर्माण, विद्युत आपूर्ति, नए विद्युत उपकेंद्रों व ट्रांसफार्मरों की स्थापना सहित अन्य विकास कार्यों की समीक्षा की गई। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उद्योग निदेशालय, उत्तराखंड के वरिष्ठ अधिकारी भी ऑनलाइन बैठक से जुड़े और लंबित प्रकरणों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीडीओ ने कहा कि औद्योगिक विकास से जुड़े विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि उद्योगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलें, निवेश को बढ़ावा मिले और रोजगार के नए अवसर सृजित हों। बैठक में महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र उत्तम कुमार तिवारी, यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता दीपक सैनी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश कुमार विश्नोई, सहायक नगर आयुक्त अमरजीत कौर सहित एनएचएआई, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी तथा औद्योगिक संघों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।



