हरिद्वार में 29 सितंबर को होगी UTET परीक्षा
18 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा, नकल रोकने को प्रशासन ने कसी कमर

कलयुग दर्शन (24×7)
अवधेश भूमिवाल (संवाददाता)
हरिद्वार। उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर (नैनीताल) द्वारा उत्तराखण्ड अध्यापक पात्रता परीक्षा (UTET-I एवं UTET-II) 2026 का आयोजन 29 सितंबर को जनपद हरिद्वार में किया जाएगा। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तथा दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित होगी। जनपद में परीक्षा के लिए हरिद्वार शहर में 8 और रुड़की शहर में 10, कुल 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण, नकलविहीन और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने परीक्षा के लिए मजिस्ट्रेटों एवं अधिकारियों की तैनाती की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार तथा उपजिलाधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

परीक्षा केंद्रों पर अनुशासनहीनता, मारपीट, धमकी या अनुचित साधनों के प्रयोग की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रश्नपत्रों की गोपनीयता एवं सुरक्षा के लिए उन्हें कोषागार और उपकोषागारों के डबल लॉक में सुरक्षित रखा जाएगा। जहां डबल लॉक की व्यवस्था नहीं है, वहां सशस्त्र सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं, जो केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा की व्यवस्थाओं और संवेदनशील केंद्रों की निगरानी करेंगे। मुख्य शिक्षा अधिकारी हरिद्वार को परीक्षा संचालन की समस्त व्यवस्थाओं का नोडल अधिकारी बनाया गया है। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को परीक्षा की निष्पक्षता, गोपनीयता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।



