बुद्ध पूर्णिमा स्नान को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट, एसएसपी नवनीत सिंह ने दी सख्त ब्रीफिंग
ऋषिकुल ऑडिटोरियम में अधिकारियों व फोर्स को दिशा-निर्देश, भीड़ और ट्रैफिक प्रबंधन पर विशेष जोर

कलयुग दर्शन (24×7)
अमित वालिया (संवाददाता)
हरिद्वार। बुद्ध पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए एसएसपी नवनीत सिंह की अगुवाई में विस्तृत ब्रीफिंग आयोजित की गई। प्रशासनिक अधिकारियों, जोनल एवं सेक्टर प्रभारियों की मौजूदगी में पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मेला क्षेत्र को 8 जोन और 21 सेक्टर में विभाजित किया गया है। सभी अधिकारियों को स्नान समाप्ति तक अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने और हर अपडेट मेला कंट्रोल को देने के निर्देश दिए गए हैं। भीड़ के आकलन के आधार पर अलग से ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा। सड़क किनारे वाहन पार्किंग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों का व्यापक उपयोग किया जाएगा।

एसपी सिटी अभय सिंह ने भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षित निकासी की योजना साझा की, जबकि एसपी ट्रैफिक/क्राइम निशा यादव ने ट्रैफिक प्लान को समय पर लागू करने पर जोर दिया। चारधाम यात्रा के चलते श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए अधिकारियों को मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सीमावर्ती जिलों से ट्रैफिक अपडेट लेकर वैकल्पिक मार्गों को समय पर लागू करने, कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने और सीसीटीवी मॉनिटरिंग को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं। मेला क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस, पीएसी, अर्धसैनिक बल, जल पलिस, फायर सर्विस, डॉग स्क्वाड और आपदा राहत दल तैनात किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सीसीआर में खोया-पाया सेल भी स्थापित किया गया।



