उत्तराखंड

देहरादून में दर्दनाक हिट एंड रन: डंपर ने मजदूर को कुचला, मौके पर मौत, चालक फरार

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

देहरादून। नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कांवली रोड पर आज सुबह एक दर्दनाक हिट एंड रन हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार रेत से भरे डंपर ने पैदल जा रहे एक मजदूर को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत फरार हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांवली रोड निवासी 50 वर्षीय सकल देव साहनी सुबह अपने घर से दिहाड़ी मजदूरी के लिए निकले थे। इसी दौरान एक तेज गति से आ रहा डंपर उन्हें कुचलते हुए निकल गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनका शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद भड़का जनाक्रोश हादसे की खबर फैलते ही मृतक के परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए। गुस्साए लोगों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और पुलिस को शव उठाने से रोक दिया। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि लोगों ने आसपास लगे पोस्टर और बैनर भी फाड़ दिए।

पुलिस-प्रशासन पर गंभीर आरोप स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि कांवली रोड पर सुबह के समय अक्सर तेज रफ्तार डंपर गुजरते हैं, लेकिन इस पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं होती। लोगों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और दोषी चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। नगर कोतवाली प्रभारी हरिओम चौहान ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने कहा कि लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इलाके में तनाव, पुलिस तैनात घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस बल मौके पर तैनात है और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहा है। प्रशासन के अधिकारियों के मौके पर पहुंचने की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी है।

Related Articles

Back to top button