चारधाम यात्रा से पहले सड़कों की मरम्मत में तेजी, सीवरेज कार्य दिन-रात जारी

कलयुग दर्शन (24×7)
नरेश मित्तल (संवाददाता)
हरिद्वार। चारधाम यात्रा के मद्देनजर हरिद्वार शहर में सीवरेज कार्यों के कारण खोदी गई सड़कों को जल्द दुरुस्त करने के लिए जिला प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसियां दिन-रात काम करते हुए सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण में जुटी हुई हैं, ताकि स्थानीय जनता, व्यापारियों और तीर्थ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। ज्ञात हो कि सीवरेज लाइन बिछाने के लिए शहर के कई इलाकों में सड़कों को खोदा गया था, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही थी। इसे गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों और ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए और चारधाम यात्रा से पहले सड़कों को पूरी तरह से ठीक कर लिया जाए। परियोजना प्रबंधक, निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई गंगा, उत्तराखंड पेयजल निगम मिनाक्षी मित्तल ने जानकारी देते हुए बताया कि केएफडब्ल्यू वित्त पोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के तहत पैकेज-01 और पैकेज-02 में सड़क पुनर्निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। 5 मई को कुल 243 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण किया गया, जो अभियान की गति को दर्शाता है। पैकेज-01 के अंतर्गत भारत माता रोड (पीडब्ल्यूडी खंड) में 70 मीटर सीसी रोड का निर्माण कार्य पूरा किया गया।

वहीं पैकेज-02 के तहत द्वारिका विहार में 21 मीटर पावर ब्लॉक, गणपति धाम फेस-3 में 77 मीटर सीसी रोड, अशोक विहार में 40 मीटर और गुप्ता कॉलोनी में 35 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूरा किया गया। इस प्रकार पैकेज-02 में कुल 173 मीटर कार्य पूर्ण किया गया। प्रशासन द्वारा इन कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि गुणवत्ता के साथ समय सीमा का भी पालन सुनिश्चित किया जा सके। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखें और लोगों को कम से कम असुविधा हो। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान हरिद्वार में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, ऐसे में सड़कों की बेहतर स्थिति अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कर शहर को व्यवस्थित और सुगम बनाया जाएगा। स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने भी प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि जल्द ही सभी सड़कों की स्थिति सामान्य हो जाएगी, जिससे आवागमन सुचारु हो सकेगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।



