शक्ति स्वरूपा और जगत की पालनहार हैं मां काली: स्वामी कैलाशानंद गिरी

कलयुग दर्शन (24×7)
राकेश वालिया (संवाददाता)
हरिद्वार। निरंजनी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर एवं श्री दक्षिण काली मंदिर के परमाध्यक्ष स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि शक्ति स्वरूपा और जगत की पालनहार मां काली आसुरी शक्तियों का संहार कर भक्तों की रक्षा करती है। श्री दक्षिण काली मंदिर में श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि मां काली की शक्ति से बड़ी कोई शक्ति संसार में नहीं है।

मां काली माता पार्वती का ही एक स्वरूप हैं। दस महाविद्याओं में से एक मां काली का जन्म आसुरी शक्तियों के संहार के लिए ही हुआ है। मां काली मानसिक, शारीरिक और सांसारिक बुराईयों से भक्तों की रक्षा करती हैं। उन्होंने कहा कि श्री दक्षिण काली के रूप में मंदिर में साक्षात विराजमान मां काली की आराधना से सभी मनोरथ पूरे होते हैं और नकारात्मक शक्तियों का प्रभाव दूर होता है।

इस अवसर पर स्वामी अवंतिकानंद ब्रह्मचारी, महंत सतीश गिरी, बालमुकुंदानंद ब्रह्मचारी, आचार्य पवनदत्त मिश्र, पंडित प्रमोद शर्मा, समाजसेवी संजय जैन, सोनिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त मौजूद रहे और मां दक्षिण काली के दर्शन पूजन कर स्वामी कैलाशानंद गिरी से आशीर्वाद प्राप्त किया।




