नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, लाखों की ट्रामाडोल बरामद, आरोपी फरार

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। एसटीएफ/एएनटीएफ उत्तराखण्ड और मंगलौर पुलिस की संयुक्त टीम ने लंढौरा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 हजार प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान नशे की तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली गई, जबकि आरोपी पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए। बरामद कैप्सूल की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। एसटीएफ के अनुसार मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत चलाए जा रहे अभियान में यह कार्रवाई की गई। मौके पर पहुंची ड्रग इंस्पेक्टर टीम ने जांच में बरामद दवाइयों को प्रतिबंधित नशीली श्रेणी का बताया। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस जांच में फरार आरोपियों में एक की पहचान फारुख पुत्र महमूद निवासी बहादराबाद, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। एसटीएफ टीम आरोपियों के नेटवर्क और सप्लाई चेन की भी जांच कर रही है। बरामदगी में 18 हजार ट्रामाडोल कैप्सूल और हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल संख्या UK08AF5637 शामिल है। कार्रवाई करने वाली एसटीएफ/एएनटीएफ टीम में निरीक्षक भवानी शंकर पंत, उप निरीक्षक दीपक मेठाणी, हेड कांस्टेबल देशराज, कांस्टेबल प्रशांत चौहान और कांस्टेबल दीपक नेगी शामिल रहे। वहीं थाना मंगलौर पुलिस टीम में उप निरीक्षक राम बहादुर और कांस्टेबल नरेश ने अहम भूमिका निभाई।



