रुड़की पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दहेज हत्या मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। पुलिस महिला एवं बाल अपराधों को लेकर अपनी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में रुड़की कोतवाली पुलिस ने दहेज हत्या के एक गंभीर मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 मार्च को मोहम्मद इरफान पुत्र मोहम्मद हसन निवासी ग्राम जबरदस्तपुर, कोतवाली रुड़की ने अपनी पुत्री की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु के संबंध में पुलिस को तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष द्वारा उसकी पुत्री को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली रुड़की में मुकदमा दर्ज कर प्रकरण की विवेचना क्षेत्राधिकारी स्तर से की जा रही थी।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी। लगातार प्रयासों और मुखबिर तंत्र की सहायता से पुलिस टीम ने लंढौरा चौक क्षेत्र से आरोपित अबू बकर पुत्र ताहिर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से ग्राम गढ़ी सांगीपुर थाना लक्सर का निवासी है तथा वर्तमान में ग्राम जोरासी जबरदस्तपुर, कोतवाली रुड़की में रह रहा था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर उसका चालान कर दिया है। वहीं मामले में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश के लिए दबिशें जारी हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला उत्पीड़न और दहेज हत्या जैसे अपराधों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।



