उत्तराखंड

मां चंडी धाम में सेवा, स्वच्छता और व्यवस्था का नया अध्याय

महंत भवानी नंदन गिरी जी महाराज के पट्टाभिषेक का एक वर्ष पूर्ण, श्रद्धालुओं ने महसूस किया सकारात्मक बदलाव

कलयुग दर्शन (24×7)

दीपक झा (संवाददाता)

हरिद्वार। नील पर्वत श्रृंखलाओं के मध्य स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चंडी देवी मंदिर में आज एक विशेष अवसर है। आज से ठीक एक वर्ष पूर्व परम श्रद्धेय महंत भवानी नंदन गिरी का पट्टाभिषेक हुआ था। इस एक वर्ष के दौरान मंदिर परिसर में केवल बदलाव ही नहीं, बल्कि नई ऊर्जा, बेहतर व्यवस्था और गहरी आस्था का अनुभव श्रद्धालुओं ने महसूस किया है। जहां पहले व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठते थे, वहीं अब मंदिर परिसर में स्वच्छता, अनुशासन और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। महंत भवानी नंदन गिरी जी महाराज ने मां की धर्म ध्वजा स्थापित कर मंदिर की आध्यात्मिक गरिमा को नई ऊंचाई प्रदान की। यह ध्वजा सनातन परंपरा, शक्ति और आस्था का प्रतीक बनकर श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। मंदिर परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया, जिससे श्रद्धालुओं को स्वच्छ, दिव्य और सकारात्मक वातावरण मिल सके। साथ ही पारदर्शिता एवं सुचारु संचालन के लिए इंटरनल ऑडिटर की नियुक्ति कर व्यवस्थाओं को अधिक जवाबदेह बनाया गया।

प्रशासन के सहयोग से मंदिर क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई भी की गई, जिसके बाद परिसर में व्यवस्था और श्रद्धा का संतुलन स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। इसी क्रम में लक्ष्मी नारायण मंदिर में नई मूर्तियों की स्थापना कर मंदिर का भव्य जीर्णोद्धार कराया गया, जिसकी श्रद्धालुओं द्वारा सराहना की जा रही है। श्रद्धालुओं की सेवा को सर्वोपरि रखते हुए मंदिर परिसर में निशुल्क भंडारे की व्यवस्था भी शुरू की गई, ताकि मां के दरबार में आने वाला कोई भी भक्त प्रसाद एवं भोजन से वंचित न रहे। दूर-दराज़ से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह व्यवस्था सेवा भावना का जीवंत उदाहरण बन गई है। सिर्फ एक वर्ष के भीतर मां चंडी धाम में हुए इन सकारात्मक परिवर्तनों ने यह साबित किया है कि जब नेतृत्व सेवा भाव और समर्पण से जुड़ा हो, तो परिवर्तन केवल दिखाई ही नहीं देता, बल्कि महसूस भी होता है। पट्टाभिषेक के एक वर्ष पूर्ण होने पर महंत भवानी नंदन गिरी जी महाराज को श्रद्धालुओं एवं भक्तों की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। मां चंडी देवी की कृपा से यह सेवा यात्रा निरंतर आगे बढ़ती रहे, यही सभी की मंगलकामना है।

Related Articles

Back to top button