48 घंटे में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। पुलिस ने आधुनिक तकनीक और तेज जांच के दम पर एक ब्लाइंड मर्डर केस का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने पहले अज्ञात शव की पहचान की और फिर हत्या में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में दो अन्य संदिग्ध अभी भी पुलिस के रडार पर हैं।उल्लेखनीय है कि 17 मई को थाना भगवानपुर क्षेत्र में बहबलपुर से लव्वा गांव जाने वाले रास्ते पर नदी किनारे एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। शव पर गंभीर चोटों के निशान थे और प्रथम दृष्टया मामला पीट-पीटकर हत्या का लग रहा था। सूचना मिलते ही थाना भगवानपुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की मोर्चरी भेजा गया।अज्ञात शव की पहचान पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती थी। एसएसपी नवनीत सिंह द्वारा पहले से दिए गए निर्देशों के तहत गृह मंत्रालय के नेटग्रीड पोर्टल का इस्तेमाल किया गया। पुलिस ने मृतक की फोटो पोर्टल पर अपलोड की, जिसके बाद चेहरे से मिलते-जुलते 10 लोगों का डाटा सामने आया। हरिद्वार पुलिस की टीमों ने सहारनपुर, देवबंद, बिजनौर, मुरादाबाद और हिमाचल प्रदेश तक जाकर सत्यापन किया। आखिरकार मृतक की पहचान कलीम पुत्र मुरादु निवासी ग्राम बचीटी, थाना देवबंद, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई। इसके बाद 18 मई को हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी गई।

जांच के दौरान स्थानीय लोगों और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पूछताछ में पता चला कि घटना वाली रात इलाके में एक संदिग्ध काली क्रेटा कार देखी गई थी। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और सीसीटीवी इनपुट की गहराई से जांच करने पर पुलिस धरोहर होटल तक पहुंच गई। जांच में सामने आया कि मृतक कलीम और उसका भाई कामिल काम की तलाश में भगवानपुर आए थे और रात में धरोहर होटल में खाना खाने पहुंचे। इसी दौरान होटल संचालकों और उनके साथियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। झगड़े के दौरान कामिल मौके से भाग निकला, जबकि कलीम को आरोपियों ने बेरहमी से पीटना जारी रखा।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जब कलीम की मौत हो गई तो उन्होंने शव को क्रेटा कार की डिग्गी में रखा और लव्वा गांव के पास नदी किनारे फेंक दिया, ताकि पहचान न हो सके। पुलिस ने 19 मई को हसनपुर मदनपुर पुल क्षेत्र से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में कई युवक उच्च शिक्षित बताए जा रहे हैं, जिन्होंने बीटेक और बी-फार्मा जैसे प्रोफेशनल कोर्स किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों के नाम पते सौरभ चौहान, अंकित कुमार, हर्ष चौहान, अनमोल सैनी व विशाल सैनी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडे, मृतक का मोबाइल फोन, शव ले जाने में इस्तेमाल क्रेटा कार, वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन बरामद कर लिए हैं। हरिद्वार पुलिस की यह कार्रवाई आधुनिक तकनीक, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और तेज फील्ड जांच का बेहतरीन उदाहरण मानी जा रही है।



