एनआईएफटी के दीक्षांत समारोह में छात्रों की प्रतिभा का दिखा रंग, अरुण ग्रोवर ने सराहा हुनर

कलयुग दर्शन (24×7)
रजत कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। (आईएएनएस)। राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (NIFT) में सोमवार को दीक्षांत एवं प्रोजेक्ट प्रदर्शनी समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपनी शिक्षा पूर्ण कर स्नातक उपाधि प्राप्त की और अपने रचनात्मक प्रोजेक्ट्स का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में फैशन, टेक्सटाइल, डिजाइन और कला से जुड़ी कई आकर्षक कलाकृतियां और नवाचार देखने को मिले, जिन्होंने मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। समारोह में अमरटेक्स इंडस्ट्रीज के सी एम डी अरुण ग्रोवर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों की रचनात्मकता, मेहनत और नवाचार की सराहना की। उन्होंने कहा कि देश के युवा डिजाइनर और कलाकार अपनी प्रतिभा और सोच से आने वाले समय में उद्योग जगत को नई दिशा देने की क्षमता रखते हैं। अरुण ग्रोवर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि फैशन और डिजाइन के क्षेत्र में युवाओं के लिए अपार संभावनाएं मौजूद हैं और उन्हें अपनी रचनात्मकता को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए लगातार प्रयास करते रहना चाहिए। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि Amartex Industries प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को अपनी कंपनी में रोजगार और बेहतर करियर के अवसर उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विजेता छात्रों के प्रोजेक्ट्स को अतिथियों और दर्शकों ने खूब सराहा। इस मौके पर संस्थान के फैकल्टी सदस्य, अभिभावक और अन्य गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे। सभी ने विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह उत्साह, रचनात्मकता और उपलब्धि के माहौल के साथ संपन्न हुआ।



