ईदुल अजहा पर भाईचारे और सौहार्द का संदेश, तय समय पर होगी नमाज

कलयुग दर्शन (24×7)
अवधेश भूमिवाल (संवाददाता)
रुड़की। मदरसा अरबिया रहमानिया के प्रधानाचार्य मौलाना अजहरूल हक ने ईदुल अजहा के मौके पर आवाम से अपील करते हुए कहा कि त्याग और बलिदान के इस पवित्र पर्व को एकता, भाईचारे और मोहब्बत के साथ मनाया जाए। उन्होंने कहा कि ईदुल अजहा केवल एक त्यौहार नहीं, बल्कि अल्लाह के हुक्म के आगे सर झुकाने, त्याग और कुर्बानी का प्रतीक है। मौलाना अजहरूल हक ने कहा कि यह पर्व नबी हजरत इब्राहीम अलैहिस्सलाम के इम्तिहान, त्याग और अल्लाह पर अटूट विश्वास से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि इस्लाम में कुर्बानी की परंपरा हजरत आदम अलैहिस्सलाम के दौर से चली आ रही है, जबकि ईदुल अजहा के अवसर पर निर्धारित समय में कुर्बानी की शुरुआत हजरत इब्राहीम अलैहिस्सलाम के दौर से हुई। उन्होंने मुस्लिम समाज से अपील की कि ईदुल अजहा की नमाज पूर्व निर्धारित स्थानों पर ही अदा करें तथा सड़कों पर नमाज न पढ़ें। साथ ही साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें, खुले में एवं प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न करें और कुर्बानी के अवशेष सार्वजनिक स्थानों या नालियों में न डालें। उन्होंने सोशल मीडिया पर कुर्बानी की फोटो या वीडियो साझा न करने की भी अपील की। मदरसा अरबिया रहमानिया के प्रशासक हाजी मोहम्मद मुस्तकीम ने कहा कि भारत की मिट्टी में गंगा-जमुनी तहजीब बसती है, इसलिए ऐसा कोई कार्य न किया जाए जिससे माहौल खराब हो। उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने और ईदुल अजहा को सादगी, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।

वरिष्ठ समाजसेवी इंजीनियर मुजीब मलिक ने भी लोगों से शांति और सौहार्द के साथ पर्व मनाने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से कुर्बानी के दौरान फोटो या वीडियो न बनाने तथा सार्वजनिक स्थानों के बजाय चारदीवारी के अंदर ही कुर्बानी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ईदुल अजहा त्याग, इंसानियत और आपसी भाईचारे का संदेश देने वाला पर्व है।
नगर में ईदुल अजहा की नमाज का निर्धारित समय
मस्जिद बिलाल रिक्शा स्टैंड – प्रातः 5:45 बजे
मस्जिद उमर बिन खत्ताब – प्रातः 5:45 बजे
बड़ी मस्जिद अंबर तालाब – प्रातः 5:45 बजे
मस्जिद गफूरिया, सोलानी नदी – प्रातः 5:45 बजे
मलकपुर चुंगी मस्जिद – प्रातः 5:45 बजे
मस्जिद शेख बेंचा, इमली रोड – प्रातः 5:50 बजे
नूर मस्जिद, इमली रोड – प्रातः 6:05 बजे
जामा मस्जिद रुड़की – प्रातः 6:00 बजे
मस्जिद हव्वा रामपुर रोड – प्रातः 6:00 बजे
जामा मस्जिद लालकुर्ती – प्रातः 7:30 बजे
ईदगाह रुड़की – प्रातः 7:45 बजे
रामपुर मदरसा इरफानुल उलूम – प्रातः 5:45 बजे
रामपुर ईदगाह – प्रातः 6:15 बजे



