श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच की मांग

कलयुग दर्शन (24×7)
अमित वालिया (संवाददाता)
हरिद्वार। अखिल भारत हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में कथित गड़बड़ियों एवं वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को गंभीर बताते हुए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। डॉ. शर्मा ने जारी बयान में कहा कि श्रीराम जन्मभूमि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। ऐसे में यदि ट्रस्ट के कार्यों में किसी प्रकार की अनियमितता, भ्रष्टाचार या धन के दुरुपयोग की शिकायतें सामने आती हैं तो उनकी पारदर्शी और निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस मामले में सच्चाई सामने लाने के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराई जानी चाहिए, ताकि तथ्यों का पता चल सके और दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए जाएं तथा जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए, जिससे देशभर के श्रद्धालुओं का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके। डॉ. शर्मा ने कहा कि अखिल भारत हिन्दू महासभा भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के विरुद्ध हमेशा आवाज उठाती रही है तथा धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं में पारदर्शिता बनाए रखने के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर दोष सिद्ध होता है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।



