जहरीला पदार्थ सेवन से युवक की मौत, वायरल वीडियो में साझेदार पर लगाए गंभीर आरोप

कलयुग दर्शन (24×7)
रजत कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। लक्सर कोतवाली के सुल्तानपुर चौकी क्षेत्र के झिवरहेड़ी गांव निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ सेवन करने से पहले एक वीडियो बनाया, जिसमें उसने अपने साझेदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार झिवरहेड़ी गांव निवासी राहुल पुत्र मांगे राम पिछले लगभग 15 वर्षों से अपनी पत्नी के साथ उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद के गागलहेड़ी क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा था। बताया गया है कि राहुल ने अपने साथी दीपक के साथ मिलकर एक प्लॉट खरीदा था। आरोप है कि प्लॉट की रजिस्ट्री दीपक के नाम कराई गई थी, जबकि प्लॉट खरीदने में अधिकांश धनराशि राहुल ने लगाई थी। मृतक द्वारा बनाए गए कथित वीडियो में दावा किया गया है कि प्लॉट खरीदने के लिए पूरा पैसा उसी ने दिया था, जबकि उसके साझेदार ने केवल 50 हजार रुपये का योगदान किया था। राहुल लंबे समय से अपने हिस्से की रकम वापस मांग रहा था, जिसको लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि बुधवार को भी पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।

वायरल वीडियो में राहुल ने यह भी आरोप लगाया कि उसे चाय में जहर दिया गया। इसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे बेहतर उपचार के लिए हरिद्वार ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजन शव को लेकर झिवरहेड़ी स्थित अपने घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। बताया गया है कि राहुल की शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी और उसकी दो वर्ष की एक बेटी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। सुल्तानपुर चौकी प्रभारी वीरेंद्र नेगी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की सत्यता और मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस साक्ष्य जुटाने और संबंधित लोगों से पूछताछ में जुटी हुई है।



