उत्तराखंड

कोल्ड ड्रिंक चोरी के शक में चार मासूमों की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां कोल्ड ड्रिंक चोरी के शक में चार मासूम बच्चों को रस्सी से बांधकर बेरहमी से पीटने का मामला उजागर हुआ है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया है और लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वायरल वीडियो में कुछ लोग चार नाबालिग बच्चों को रस्सी से बांधकर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। किसी बच्चे को थप्पड़ों से पीटा जा रहा है तो किसी पर डंडों की बरसात की जा रही है। सबसे दुखद पहलू यह रहा कि मौके पर मौजूद कई लोग बच्चों को बचाने के बजाय पूरी घटना का वीडियो बनाते रहे।

जानकारी के अनुसार बच्चों पर कोल्ड ड्रिंक चोरी करने का आरोप लगाया गया था। हालांकि, कानून को अपने हाथ में लेकर नाबालिग बच्चों के साथ इस तरह का अमानवीय व्यवहार गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। घटना ने समाज में बढ़ती असंवेदनशीलता और भीड़तंत्र की मानसिकता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच कर बच्चों के साथ मारपीट करने वाले आरोपियों की पहचान की गई है और उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।घटना के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Back to top button