जनसुनवाई में 73 शिकायतें दर्ज, 41 का मौके पर निस्तारण; सीडीओ ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 73 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 41 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, राशन कार्ड, विद्युत, पेयजल, अतिक्रमण एवं अन्य नागरिक समस्याओं से जुड़े मामले सामने आए। सीडीओ ने अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में मनोहरपुर के पास सर्विस रोड निर्माण, भूमि पर अवैध कब्जा, अवैध खुदाई, रोजगार उपलब्ध कराने तथा सार्वजनिक शौचालय निर्माण जैसी मांगें भी उठाई गईं। बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को 36 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।



