उत्तराखंड

चलती बस में चालक को पड़ा दौरा, फुटपाथ पर बैठे मजदूरों पर चढ़ी बस; एक की मौत, पांच घायल

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र स्थित लालपुल के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आईएसबीटी से घंटाघर की ओर जा रही एक सिटी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और फुटपाथ पर बैठे मजदूरों को रौंदते हुए एक होटल के गेट तक जा पहुंची। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में 22 वर्षीय आहत (निवासी राजीव नगर) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं संजीत, रतन, मानसिंह, आहद और सुखराज गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल इंद्रेश अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी मजदूर रोज की तरह फुटपाथ पर बैठकर काम मिलने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार सिटी बस अचानक अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गई और मजदूर उसकी चपेट में आ गए। बस होटल के मुख्य गेट से टकराकर रुकी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक अर्जुन गुरुंग को अचानक मिर्गी का दौरा पड़ा, जिसके कारण वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और उसका भी उपचार कराया जा रहा है। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंची, जिसके चलते घायलों को ई-रिक्शा और ऑटो से अस्पताल ले जाना पड़ा। घटना के बाद काफी देर तक यातायात बाधित रहा। एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। चालक को हिरासत में लिया गया है और बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। प्रथम दृष्टया चालक को दौरा पड़ने की बात सामने आई है, हालांकि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button