शक्ति उपासना का प्रमुख केंद्र है मां कामाख्या देवी मंदिर: श्रीमहंत रविंद्रपुरी

कलयुग दर्शन (24×7)
दीपक झा (संवाददाता)
हरिद्वार। असम के गुवाहाटी स्थित मां कामाख्या मंदिर में दर्शन पूजन के लिए पहुचंे अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि 52 शक्ति पीठों में एक मां कामाख्या देवी मंदिर शक्ति उपासना का प्रमुख केंद्र है। जो श्रद्धालु भक्त आस्था और विश्वास के साथ मां कामाख्या के दर्शन पूजन करते हैं। मां की कृपा से उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। परिवार में सुख समृद्धि का वास होता है। अधूरे कार्य पूरे होते हैं। श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि मंदिर में आयोजित किए जाने वाले प्रकृति और नारी शक्ति के सम्मान के प्रतीक अंबुबाची महापर्व में हजारों श्रद्धालु, साधु-संत और तंत्र साधक मां कामाख्या के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।

इस अवसर पर आनंद पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरी महाराज ने कहा कि मां कामाख्या देवी मंदिर आदि शक्ति का साक्षात स्वरूप हैं। मां कामाख्या अपने भक्तों पर सदैव कृपा करती हैं। आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अरूण गिरी, महामंडलेश्वर साध्वी अंजनी देवानंद गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी वैराग्यानंद गिरी मिर्ची बाबा, स्वामी आलोक गिरी, महंत राज गिरी ने मां कामाख्या के दर्शन पूजन कर सभी के लिए मंगलकामना की। गौरतलब है कि श्रीमहंत रविद्रपुरी महाराज सहित कई संत इन दिनों मां कामाख्या देवी के दर्शन पूजन के लिए गए हुए हैं।



