जय मां आश्रम में धूमधाम से मनाया गया ज्योति पर्व एवं स्मृति दिवस
त्याग, तपस्या एवं सेवा की प्रतिमूर्ति थे ब्रह्मलीन उषा माता महाराज एवं स्वामी महादेव महाराज: साध्वी शरण ज्योति

कलयुग दर्शन (24×7)
दीपक झा (संवाददाता)
हरिद्वार। ब्रह्मलीन चक्रवर्ती महामंडलेश्वर श्री उषा माता महाराज द्वारा स्थापित जय मां मिशन की देश भर में स्थित सभी शाखाओं में धूमधाम से ज्योति पर्व एवं स्मृति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर मिशन की साध्वियों एवं भक्तों ने ब्रह्मलीन उषा माता महाराज एवं महादेव महाराज को नमन करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किए। श्रवणनाथ नगर स्थित जय मां आश्रम में जय मां मिशन की अध्यक्ष साध्वी शरण ज्योति एवं साध्वी जीवन ज्योति मां के संयोजन में मिशन की साध्वियों और संतों ने ब्रह्मलीन उषा माता महाराज एवं उनके शिष्य ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर स्वामी महादेव महाराज को नमन करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए मानव सेवा प्रकल्पों को जारी रखने का संकल्प लिया। जय मां मिशन की अध्यक्ष साध्वी शरण ज्योति मां एवं साध्वी जीवन ज्योति मां ने कहा कि ब्रह्मलीन उषा माता महाराज एवं ब्रह्मलीन महादेव महाराज त्याग, तपस्या एवं सेवा की प्रतिमूर्ति थे। पंजाब में उग्रवाद के माहौल के बीच ब्रह्मलीन उषा माता महाराज एवं ब्रह्मलीन स्वामी महादेव महाराज ने 177 दिनों की पैदल यात्रा निकालकर लोगों को एकजुट करने के लिए ज्योति पर्व की शुरूआत की थी।

ब्रह्मलीन उषा माता महाराज एवं ब्रह्मलीन महादेव महाराज द्वारा शुरू की गयी ज्योति पर्व की परंपरा को निरंतर संचालित किया जा रहा है। स्वामी रविदेव शास्त्री ने कहा कि ब्रह्मलीन चक्रवर्ती महामंडलेश्वर उषा माता महाराज द्वारा स्थापित जय मां मिशन साधना, सेवा और संस्कृति का प्रमुख केंद्र है। उषा माता महाराज के ब्रह्मलीन होने के पश्चात उनके परम शिष्य स्वामी महादेव महाराज ने मिशन का कुशलतापूर्वक संचालित किया। साध्वी शरण ज्योति मां एवं साध्वी जीवन ज्योति मां ब्रह्मलीन उषा माता महाराज एवं ब्रह्मलीन स्वामी महादेव महाराज की सेवा परंपरा को जिस प्रकार आगे बढ़ा रही हैं। वह सभी के लिए प्रेरणादायी है। इस अवसर पर साध्वी पूजा ज्योति मां, साध्वी शीतल ज्योति मां, साध्वी दिव्य ज्योति मां, साध्वी परम ज्योति मां, साध्वी प्रकाश ज्योति मां, साध्वी शरद ज्योति मां, जगदीश चावला, मुकेश कुमार आदि मौजूद रहे।



