35 लाख की ट्रामाडोल खेप मामले में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। हरिद्वार जिले के मंगलौर क्षेत्र में 35 लाख रुपये मूल्य के 18 हजार प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामदगी मामले में एसटीएफ ने गिरोह के एक और सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित कुमार प्रजापति के रूप में हुई है, जो मुख्य आरोपी सचिन मनिहाल के लिए उत्तराखंड में रिसीवर और डिस्ट्रीब्यूटर का कार्य करता था। एसटीएफ के अनुसार, 11 मई 2026 को एसटीएफ/एएनटीएफ और मंगलौर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 18 हजार प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए थे। मामले की विवेचना के दौरान बैंक खातों, डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर अंकित प्रजापति की संलिप्तता सामने आई। जांच में पता चला कि जनवरी 2026 से आरोपी सचिन मनिहाल से SPASMORE (Tramadol) कैप्सूल लेकर हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में अवैध रूप से सप्लाई करता था।

बिक्री से प्राप्त धनराशि में अपना कमीशन काटकर शेष रकम मुख्य आरोपी को नकद और बैंक खाते के माध्यम से भेजी जाती थी। एसटीएफ के मुताबिक, आरोपी को अब तक करीब 77 पेटियां (लगभग 6,930 डिब्बे) प्रतिबंधित कैप्सूल विभिन्न खेपों में मिले थे। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए व्हाट्सएप चैट और कॉल रिकॉर्ड डिलीट कर दिए थे, जिसकी पुष्टि डिजिटल साक्ष्यों से हुई है। गिरफ्तारी के समय आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किए गए हैं। एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पूरे सप्लाई नेटवर्क, बैंक लेन-देन और अन्य संलिप्त व्यक्तियों की जांच जारी है तथा जल्द ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



