प्रेस क्लब हरिद्वार की अनुशासनात्मक कार्रवाई, नरेश गुप्ता की सदस्यता दो सत्रों के लिए समाप्त

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। प्रेस क्लब हरिद्वार की प्रतिष्ठा को धूमिल करने से जुड़े एक प्रकरण का रविवार को पटाक्षेप हो गया। प्रेस क्लब की कार्यकारिणी ने अनुशासन समिति की संस्तुति पर सदस्य श्री नरेश गुप्ता के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें दो वित्तीय सत्रों के लिए क्लब की सदस्यता से वंचित करने का निर्णय लिया है। प्रेस क्लब के अनुसार, श्री नरेश गुप्ता द्वारा संस्था के संबंध में कई असत्य एवं आधारहीन समाचार प्रकाशित किए गए थे। इन समाचारों को लेकर उन पर प्रेस क्लब की आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने तथा क्लब की प्रतिष्ठा को धूमिल करने के गंभीर आरोप लगाए गए थे। मामले का संज्ञान लेते हुए प्रेस क्लब की पांच सदस्यीय अनुशासन समिति ने उन्हें नोटिस जारी कर बिंदुवार स्पष्टीकरण मांगा था, लेकिन समिति के अनुसार उनका उत्तर संतोषजनक नहीं पाया गया।

इसके बाद उन्हें 26 जून को अनुशासन समिति के समक्ष उपस्थित होने के निर्देश दिए गए। समिति के समक्ष उपस्थित होने पर भी श्री नरेश गुप्ता प्रकाशित समाचारों के समर्थन में कोई ठोस तथ्य या प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। हालांकि उन्होंने प्रकाशित समाचारों पर खेद व्यक्त किया, लेकिन अनुशासन समिति ने उनके कृत्य पर गहरी नाराजगी जताई। अनुशासन समिति की संस्तुति पर 28 जून को आयोजित प्रेस क्लब कार्यकारिणी की बैठक में श्री नरेश गुप्ता को आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने तथा मिथ्या एवं आधारहीन समाचार प्रकाशित कर प्रेस क्लब की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का दोषी मानते हुए दो वित्तीय सत्रों के लिए उनकी सदस्यता समाप्त करने का निर्णय लिया गया। इस निर्णय के बाद श्री नरेश गुप्ता अब प्रेस क्लब हरिद्वार के सदस्य नहीं रहे।



