जमालपुर कलां में मछली तालाब से आंगनबाड़ी केंद्र तक सड़क निर्माण की मांग

कलयुग दर्शन (24×7)
हिमांशु (संवाददाता)
हरिद्वार। विकासखंड बहादराबाद के अंतर्गत ग्राम पंचायत जमालपुर कलां में मछली तालाब से आंगनबाड़ी केंद्र तक जाने वाले मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दीपचंद ने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से जल्द कार्रवाई करने की अपील की है। दीपचंद ने बताया कि गांव का यह मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण राहगीरों, ग्रामीणों, महिलाओं, बुजुर्गों तथा स्कूली बच्चों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बरसात के मौसम में सड़क पर जलभराव और कीचड़ होने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। आंगनबाड़ी केंद्र आने वाले छोटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं को भी इस जर्जर मार्ग के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यह मार्ग गांव के कई परिवारों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है, लेकिन लंबे समय से इसकी अनदेखी की जा रही है। कई बार संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में यह मामला लाया जा चुका है, फिर भी अब तक सड़क निर्माण की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

दीपचंद ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि जनहित को देखते हुए मछली तालाब से आंगनबाड़ी केंद्र तक सीसी सड़क का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिल सके और बरसात के दौरान होने वाली समस्याओं से स्थायी राहत मिल सके। उन्होंने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सड़क निर्माण की स्वीकृति प्रदान करेंगे। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि इस महत्वपूर्ण मार्ग का निर्माण जल्द कराया जाए, जिससे गांव के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके।



