शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार, रानीपुर पुलिस ने भेजा जेल

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ कई बार दुष्कर्म करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित के खिलाफ पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। पुलिस के अनुसार, 8 जून को एक युवती ने कोतवाली रानीपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि अमित कश्यप नामक युवक ने उससे शादी का वादा कर कई बार दुष्कर्म किया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपित ने उसके साथ गाली-गलौज की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कराए, मेडिकल परीक्षण कराया तथा आरोपित की तलाश में दबिश दी। इसी क्रम में पुलिस ने नामजद आरोपित अमित कश्यप (31 वर्ष) को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान अमित कश्यप पुत्र स्वर्गीय नाथीराम, निवासी मकान संख्या-624, आवास विकास मॉडल कॉलोनी, रानीपुर मोड़, कोतवाली ज्वालापुर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने विधिक कार्यवाही के पश्चात आरोपित का चालान कर दिया है।



