उत्तराखंड

विधानसभा अध्यक्ष ऋतू खंडूड़ी ने किया ‘दैनिक एनकाउंटर समाचार’ का शुभारंभ

कलयुग दर्शन (24×7)

अमित वालिया (संवाददाता)

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतू खंडूड़ी भूषण ने देहरादून से प्रकाशित दैनिक एनकाउंटर समाचार का विधिवत शुभारंभ करते हुए कहा कि किसी भी नए समाचार-पत्र का जन्म लोकतंत्र में एक नई आवाज का जन्म होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह समाचार-पत्र उत्तराखंड को एक निर्भीक, निष्पक्ष और जनहितैषी मंच प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड संघर्ष और त्याग की भूमि है तथा राज्य आंदोलन से लेकर विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

“विकसित उत्तराखंड 2026” के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जिम्मेदार और तथ्यपरक पत्रकारिता पहले से अधिक आवश्यक है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि एनकाउंटर समाचार का नाम अन्याय, भ्रष्टाचार और झूठ के खिलाफ संघर्ष का संदेश देता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह समाचार-पत्र जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाकर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में तेजी से फैलने वाली अफवाहों के बीच प्रिंट मीडिया की जिम्मेदारी और बढ़ गई है।

ऐसे में तथ्यों की पड़ताल कर प्रमाणिक खबरें जनता तक पहुंचाना पत्रकारिता का सबसे बड़ा दायित्व है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों, सीमांत इलाकों, आपदा, शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार पारदर्शिता और सुशासन के लिए प्रतिबद्ध है तथा स्वस्थ आलोचना लोकतंत्र को मजबूत बनाती है। मीडिया सरकार और जनता के बीच सेतु का कार्य करता है और यह नया समाचार-पत्र उस सेतु को और सशक्त करेगा।

इस अवसर पर पूर्व मेयर सुनील उनियाल, पूर्व मेयर गौरव गोयल, राज्यमंत्री सुरेंद्र मोघा, पूर्व राज्यमंत्री सुशील राठी, कपिल गुप्ता, सुरेंद्र शर्मा, सुनीता लोधी, विकास गर्ग, अनिल मनोचा, एसएस राणा, बबिता गोयल, रितिन गोयल, प्रवीण मोघा, वरिष्ठ पत्रकार विजय जायसवाल, इमरान देशभक्त सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में संपादक विकास गर्ग ने दर्जनों वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित किया।

Related Articles

Back to top button