महिला से दुष्कर्म व लूट के मामले में 5 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। थाना पथरी क्षेत्र में महिला से मारपीट, दुष्कर्म, कान के कुंडल लूटने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई को पीड़िता ने थाना पथरी में मारपीट, दुष्कर्म, कान के कुंडल लूटने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया था, जबकि एक आरोपी लगातार फरार चल रहा था।

फरार आरोपी की गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसकी तलाश में जुटी पुलिस टीम ने कटारपुर जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की। सत्यापन के दौरान उसकी पहचान फरार चल रहे इनामी आरोपी के रूप में हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुधीर उर्फ लक्की पुत्र सुंदर, निवासी ग्राम दुर्गागढ़, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार, उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करते हुए चालान कर दिया।



